घरघोड़ा नगर पंचायत में बवाल : CMO पर अभद्र व्यवहार और जनसमस्याओं की अनदेखी के गंभीर आरोप
पेयजल संकट से जूझ रही जनता, पार्षदों ने SDM को सौंपा शिकायत पत्र
📍 घरघोड़ा |घरघोड़ा नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर अब जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। नगर पंचायत की सीएमओ खलखो पर तानाशाही रवैया, अभद्र व्यवहार और जनता की समस्याओं की अनदेखी करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों ने एसडीएम घरघोड़ा को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, पार्षद प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन सीएमओ द्वारा समस्याओं का समाधान करने के बजाय मनमाने तरीके से कार्य किया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक 03 एवं 04 में पिछले कई महीने से अधिक समय से पेयजल संकट बना हुआ है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए भटक रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहे।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जब स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने पानी की समस्या को लेकर सीएमओ के समक्ष अपनी बात रखी, तब उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। जिससे क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी फैल गई।
मामले को लेकर अब नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। शिकायत पत्र में सीएमओ के व्यवहार को जनप्रतिनिधियों और जनता का अपमान बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
घरघोड़ा में बढ़ते जनआक्रोश के बीच अब सबकी नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
- बरौद के विस्थापित परिवारों ने वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप निर्मित मकानों के सर्वे एवं मुआवजा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन - July 15, 2026
- शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन या वर्षों की व्यवस्था पर सवाल? गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण पर चला बुलडोजर - July 15, 2026
- “स्कूल से उठी बदलाव की हुंकार” : केराखोल में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन, नशामुक्ति की शपथ और साक्षरता रैली से गूंजा पूरा गांव - July 15, 2026
