“ऑपरेशन अंकुश” का सबसे बड़ा असर : रायगढ़ का सट्टा किंग पिंटू हलवाई पुलिस के सामने हुआ नतमस्तक, किया सरेंडर
🚨 एसएसपी शशि मोहन सिंह की सख्ती से टूटा ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट, उत्तराखंड भागा मुख्य आरोपी खुद पहुंचा पुलिस कार्यालय
🚨 व्हाट्सऐप कॉलिंग और यूपीआई से चलता था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क, पुलिस दबिश से बिखरा गिरोह
🚨 रायगढ़ पुलिस का साफ संदेश — “अपराध छोड़ो तो मौका मिलेगा, दोबारा लौटे तो होगी सबसे कठोर कार्रवाई”
📍 रायगढ़ । रायगढ़ जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” ने अब बड़ा असर दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार पुलिस दबिश, गिरफ्तारी और तकनीकी जांच से बढ़े दबाव के बीच ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई आखिरकार रायगढ़ पुलिस के सामने झुक गया और स्वयं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
बताया जा रहा है कि पिंटू हलवाई पिता कन्हैया लाल हलवाई, उम्र 43 वर्ष, निवासी चांदमारी रायगढ़ लंबे समय से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहा था। साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसके कई सहयोगी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे, जिसके बाद वह गिरफ्तारी के डर से रायगढ़ छोड़कर उत्तराखंड भाग गया था।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन तक नष्ट कर दिया था, लेकिन रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई, तकनीकी निगरानी और नेटवर्क पर बढ़ती शिकंजे के कारण आखिरकार उसने खुद सामने आकर आत्मसमर्पण करना बेहतर समझा।
एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपी ने अपराध छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई। इस दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपी को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कहा कि यदि भविष्य में वह दोबारा सट्टा, जुआ या किसी भी अवैध कारोबार में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ जिला बदर जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
इसके बाद आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहां अपराध क्रमांक 237/2026 एवं 238/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4 एवं 7 में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी, भतीजे और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क चला रहा था। ग्राहकों से व्हाट्सऐप कॉलिंग के जरिए संपर्क किया जाता था और यूपीआई माध्यम से पैसों का लेन-देन होता था। आरोपी से 2 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर इस नेटवर्क से जुड़े कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 लाख 69 हजार रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, महंगे मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए थे। इन सभी मामलों में पिंटू हलवाई मुख्य आरोपी के रूप में फरार चल रहा था, जिसे अब गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
👉🏻 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश :
“ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के लिए सुधार का रास्ता खुला है, लेकिन चेतावनी के बाद भी अपराध में लौटने वालों पर रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई पहले से ज्यादा सख्त और निर्णायक होगी।”
- बरौद के विस्थापित परिवारों ने वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप निर्मित मकानों के सर्वे एवं मुआवजा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन - July 15, 2026
- शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन या वर्षों की व्यवस्था पर सवाल? गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण पर चला बुलडोजर - July 15, 2026
- “स्कूल से उठी बदलाव की हुंकार” : केराखोल में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन, नशामुक्ति की शपथ और साक्षरता रैली से गूंजा पूरा गांव - July 15, 2026
