September 24, 2026

घरघोड़ा वन क्षेत्र में हाथी के बच्चे की मौत, वन अमला अलर्ट,पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि

0
IMG-20260128-WA0007.jpg

रायगढ़!जिले के विकासखंड घरघोड़ा अंतर्गत ग्राम कया के जंगल क्षेत्र में एक हाथी के बच्चे (सावक) की मृत्यु का मामला सामने आया है। 27 जनवरी की सायंकाल स्थानीय ग्रामीणों द्वारा वन विभाग को सूचना दी गई कि वन क्षेत्र में एक हाथी का बच्चा मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही वन अमला तत्काल मौके के लिए रवाना हुआ, किंतु रात्रि का समय, दुर्गम वन क्षेत्र तथा मृत हाथी के आसपास अन्य हाथियों के दल की मौजूदगी के कारण उसी समय घटना स्थल तक पहुँचना संभव नहीं हो सका।

ढलान में गिरने से हादसे की आशंका
वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 जनवरी की सुबह वन अमला आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 1310 स्थित घटना स्थल पर पहुँचा और विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि मृत हाथी नर सावक है, जिसकी आयु एक वर्ष से कम प्रतीत होती है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अत्यधिक ढलान वाले क्षेत्र में गिरने के दौरान हाथी का बच्चा दो बड़ी चट्टानों के बीच बनी दरार में फंस गया, जिससे उसे गंभीर आंतरिक चोटें आईं तथा आंतरिक रक्तस्राव हुआ। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं कारणों से उसकी मृत्यु हुई।

हाथियों का दल मौजूद, क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई गई
वन विभाग ने बताया कि घटना स्थल के आसपास अब भी हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिस कारण पूरे क्षेत्र में विशेष सतर्कता एवं निरंतर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मृत हाथी सावक का विधिवत पोस्टमार्टम (पीएम) कराए जाने की प्रक्रिया जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

ग्रामीणों से अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों एवं आसपास के निवासियों से अपील की है कि वे हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें, अनावश्यक जंगल प्रवेश से बचें और किसी भी प्रकार की सूचना या असामान्य गतिविधि तत्काल वन अमले को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *