September 24, 2026

सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

0
IMG-20260130-WA0001.jpg

एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़!सोशल मीडिया के माध्यम से श्री सत्यनारायण बाबा जी के संबंध में अत्यंत आपत्तिजनक, अशोभनीय एवं निंदनीय टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


➡ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में मामला आते ही तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए, जिस पर कोतरारोड़ थाना एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोरबा जिले से धर दबोचा।


फेसबुक पोस्ट से फैला रहा था जहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फेसबुक अकाउंट “Soozoo” के माध्यम से श्री सत्यनारायण बाबा जी को लेकर आपत्तिजनक वीडियो/पोस्ट साझा की गई थी। इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत प्राप्त होते ही थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 353, 299 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।


कोरबा से गिरफ्तारी, मोबाइल जप्त
साइबर एक्सपर्ट टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर एक विशेष टीम कोरबा रवाना की गई, जहां कोरबा पुलिस के सहयोग से आरोपी सरोज रात्रे पिता राम लकेश्वर रात्रे (उम्र 32 वर्ष), निवासी सलिहाभांठा थाना उरगा जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री साझा करने में प्रयुक्त विवो मोबाइल फोन जप्त किया गया है।
सौहार्द बिगाड़ने वालों को नहीं बख्शा जाएगा – एसएसपी
इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि—
“जिले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार सक्रिय है। धार्मिक भावनाएं आहत करने, समाज में वैमनस्य फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। नागरिक सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।”
संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका
एसएसपी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में इस संवेदनशील प्रकरण का त्वरित पटाक्षेप किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज, कोतरारोड़ थाना स्टाफ एवं साइबर थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *