September 24, 2026

आमाघाट में अवैध अफीम खेती का बड़ा खुलासा: 2.05 करोड़ की जप्ती, एक गिरफ्तार, दो फरार

0
IMG-20260321-WA0001.jpg

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम की खेती का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और अन्य विभागों की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की अफीम फसल और तैयार मादक पदार्थ जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 19-20 मार्च की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर ANTF सहित पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

रेड कार्रवाई के दौरान खेत में काम कर रहे दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी, झारखंड बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा था।

मौके पर जांच के दौरान दो अलग-अलग खेतों में अफीम की फसल पाई गई। एफएसएल टीम द्वारा परीक्षण के बाद इसे अफीम की खेती होना पुष्टि की गई। कुल 60,326 अफीम पौधे (वजन 2,877 किलोग्राम) बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपये आंकी गई।

इसके अलावा आरोपी के कब्जे से उसके निवास (ससुराल) से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 15 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल जप्त मादक पदार्थ की कीमत 2 करोड़ 5 लाख 10 हजार रुपये है।

राजस्व विभाग के अनुसार जिस जमीन पर खेती की जा रही थी, वह पांच अलग-अलग खातों में दर्ज है, जिससे भूमि उपयोग की जांच भी शुरू कर दी गई है।

मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 59/2026, धारा 8(बी), 18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी मार्शल संगा को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”

👉 मुख्य बिंदु:

60,326 अफीम पौधे और 3.02 किलो तैयार अफीम जब्त

कुल जप्ती: 2.05 करोड़ रुपये

एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

ANTF, पुलिस, आबकारी, एफएसएल और राजस्व की संयुक्त कार्रवाई

यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *