September 24, 2026

“13 साल बाद कानून के शिकंजे में आया फरार आरोपी: ‘ऑपरेशन तलाश’ में घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पोल्ट्री फार्म चोरी मामले का एक और आरोपी गिरफ्तार”

0
IMG-20260523-WA0006.jpg

घरघोड़ा। जिले में फरार आरोपियों एवं वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” के तहत घरघोड़ा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2013 के बहुचर्चित पोल्ट्री फार्म चोरी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। लगभग 13 वर्षों से पुलिस गिरफ्त से दूर रहे आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पूरे जिले में अपराधियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत पुराने मामलों में फरार आरोपियों और वारंटियों की भी लगातार तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों की फाइलें दोबारा खंगालकर फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09 अक्टूबर 2013 की रात्रि ग्राम भेंगारी स्थित एक पोल्ट्री फार्म में चोरी की बड़ी घटना हुई थी। बताया गया कि पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-13-एल-3356 के चालक एवं उसके 7 से 8 साथियों द्वारा फार्म से भारी मात्रा में सामग्री चोरी की गई थी। आरोपियों द्वारा करीब 300 नग जीवित मुर्गे, 150 नग प्लास्टिक अंडा ट्रे तथा लगभग 9000 नग अंडे चोरी कर ले जाए गए थे। चोरी गई सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग ₹60 हजार बताई गई थी।

घटना के बाद पोल्ट्री फार्म संचालक की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 378/2013 के तहत धारा 457, 380 एवं 34 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान दिनांक 13 अक्टूबर 2013 को पुलिस ने मामले में शामिल एक आरोपी शैलेश कुमार महतो, निवासी छपरा (बिहार), हाल मुकाम रक्सापाली थाना भूपदेवपुर को गिरफ्तार किया था। उस समय पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन एवं ₹2500 किराया राशि भी जब्त की गई थी। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी दी थी, जिनमें चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया का नाम भी सामने आया था। लेकिन घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस की पकड़ से बाहर था।

इसी बीच “ऑपरेशन तलाश” के दौरान थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया अपने गृह ग्राम बरभौना थाना छाल पहुंचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई नरेन्द्र सिदार एवं प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक के नेतृत्व में एक टीम गठित कर आरोपी के घर दबिश दी।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया पिता पीलाराम राठिया, उम्र 30 वर्ष, निवासी बरभौना थाना छाल जिला रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार कर 22 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है और जल्द ही उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सकती है।

🚨 एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश:

“ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों, वारंटियों एवं अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराध करने वाले लोग कानून से लंबे समय तक बच नहीं सकते।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *