September 23, 2026

“ऑपरेशन अंकुश का बड़ा वार: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का खाईवाल गिरफ्तार, गेरवानी से चल रहा था पूरा खेल”

0
IMG-20260523-WA0009.jpg

🚨 रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई से जुआ-सट्टा कारोबारियों में मचा हड़कंप
🚨 मोबाइल के जरिए बर्तन दुकान से संचालित हो रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा
🚨 फरार खाईवाल रामफल अग्रवाल गिरफ्तार, पहले दो आरोपी हो चुके हैं सलाखों के पीछे
🚨 पूंजीपथरा पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई से खुली सट्टा नेटवर्क की परतें

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस न केवल सट्टा संचालकों पर बल्कि पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है और अवैध कारोबार से जुड़े लोग पुलिस कार्रवाई के डर से अपराध से दूरी बनाने और कई मामलों में सरेंडर करने तक को मजबूर हो रहे हैं।

इसी कड़ी में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कथित खाईवाल रामफल अग्रवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ग्राम गेरवानी का निवासी है और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

जानकारी के अनुसार बीते 11 मई 2026 को थाना पूंजीपथरा एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ग्राम गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान में दबिश देकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा था। जांच के दौरान पाया गया कि मोबाइल फोन के जरिए क्रिकेट मैचों पर दांव लगाया जा रहा था और पूरे नेटवर्क का संचालन डिजिटल माध्यम से किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल को मौके से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि वे मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन एवं ₹17,000 नगद राशि जब्त की थी, जबकि आरोपी सुरेश अग्रवाल के पास से एक मोबाइल फोन और ₹1,400 नगद बरामद किए गए थे।

आगे पूछताछ में यह भी सामने आया कि सट्टा से संबंधित राशि ग्राम गेरवानी निवासी रामफल अग्रवाल तक नकद और डिजिटल दोनों माध्यमों से पहुंचाई जाती थी। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के दौरान रामफल अग्रवाल वहां से फरार होने में सफल हो गया था।

इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में फरार आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। पुलिस द्वारा तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी रामफल अग्रवाल पिता अशोक अग्रवाल, उम्र 46 वर्ष, निवासी गेरवानी थाना पूंजीपथरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों और कड़ियों की भी जांच जारी है।

🚨 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश:

“रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर पुलिस का “ऑपरेशन अंकुश” लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *