September 23, 2026

“ऑपरेशन प्रहार” का बड़ा प्रहार: पूंजीपथरा पुलिस ने 20.25 लाख का संदिग्ध स्क्रैप लदा ट्रक किया जब्त, चालक गिरफ्तार

0
IMG-20260701-WA0014.jpg

7.5 टन लोहे का स्क्रैप बिना वैध दस्तावेज परिवहन करते पकड़ा गया, चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह बोले— अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के नेटवर्क पर लगातार जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त और संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 लाख 25 हजार रुपये मूल्य की संदिग्ध संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने 7.500 टन लोहे का स्क्रैप और उसे परिवहन कर रहे 12 चक्का टाटा ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध कबाड़ कारोबार एवं चोरी की संपत्ति के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 30 जून 2026 को थाना पूंजीपथरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुनकुरी से भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड कर एक ट्रक पूंजीपथरा की ओर आ रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल तमनार चौक पर घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद संदिग्ध टाटा ट्रक क्रमांक CG-14-D-0528 को रोककर उसकी जांच की गई।

पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम सुलतान खान (58 वर्ष), पिता अमीर खान, निवासी आजाद मोहल्ला, कुनकुरी बताया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप भरा हुआ मिला। पुलिस ने जब स्क्रैप के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने तथा स्क्रैप के चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए गवाहों की उपस्थिति में 7.500 टन लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5,25,000, तथा 12 चक्का टाटा ट्रक, जिसकी कीमत लगभग ₹15,00,000, जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य ₹20,25,000 आंका गया है।

पुलिस ने आरोपी सुलतान खान के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह तथा आरक्षक राजेश सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति तथा संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ का परिवहन अथवा कारोबार करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।”

रायगढ़ पुलिस का यह अभियान स्पष्ट संकेत है कि जिले में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त और ऐसे संगठित नेटवर्क के खिलाफ आने वाले दिनों में भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *