November 22, 2026

ऑपरेशन आघात: ओडिशा से गांजा सप्लाई, रायगढ़ में खरीदार समेत दो गिरफ्तार!

0
IMG-20261026-WA0005

पुसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.893 किलो गांजा और बाइक जब्त; ₹14,850 के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से खुला खरीदार का राज

रायगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन आघात” के तहत पुसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में सप्लायर और खरीदार, दोनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.893 किलो गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित लगभग 2.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

✨नाकेबंदी में पकड़ा गया गांजा सप्लायर

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर एक व्यक्ति रायगढ़ की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम बड़े भंडार में प्रियंका किराना स्टोर के सामने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा।

पूछताछ में उसकी पहचान लब सा (30 वर्ष), निवासी ओडिशा, वर्तमान निवासी चंद्रपुर, जिला सक्ती के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से तीन पैकेट में 2.893 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई है, बरामद हुआ। गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही होंडा साइन SP 125 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

✨₹14,850 के ट्रांजैक्शन से खरीदार तक पहुंची पुलिस

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को गांजा मंगाने वाले खरीदार के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लब सा के मेमोरेंडम कथन और जांच के आधार पर राजू दास महंत (39 वर्ष), निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि राजू दास महंत ने मोबाइल के जरिए संपर्क कर तीन किलो गांजा मंगाया था और इसके बदले कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से ₹14,850 ट्रांसफर किए थे। पुलिस ने खरीदार के कब्जे से वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

✨दोनों आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में अपराध क्रमांक 267/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2.40 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक टिकेन्द्र चन्द्राकर, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर नायक, प्रधान आरक्षक अमित तिर्की एवं श्यामदास महंत तथा आरक्षक महेश चौहान, तारिक अनवर और दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

✨SSP शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल सप्लायर और खरीदार, दोनों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की सूचना पुलिस को देकर अभियान में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *