ऑपरेशन आघात: गांजा तस्करों पर खरसिया पुलिस का ताबड़तोड़ प्रहार, सप्ताहभर में दूसरी बड़ी रेड!
कुनकुनी में चिकन सेंटर के पास घेराबंदी कर तस्कर को दबोचा, 1.805 किलो गांजा जब्त; 90 हजार का मादक पदार्थ बरामद
रायगढ़। रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत खरसिया पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कुनकुनी से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1.805 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है।
खास बात यह है कि सप्ताहभर के भीतर खरसिया पुलिस की यह दूसरी बड़ी गांजा रेड है। इससे पहले 28 अक्टूबर को ग्राम छोटे देवगांव में दबिश देकर पुलिस ने मोहन लाल गुप्ता के कब्जे से 5.025 किलोग्राम गांजा जब्त किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
⚡मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल, चिकन सेंटर के पास दबोचा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव को सूचना मिली कि ग्राम कुनकुनी निवासी भागीरथी पटैल अवैध बिक्री के लिए गांजा लेकर गांव पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कुनकुनी स्थित योगेश चिकन सेंटर के पास घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान भागीरथी पटैल (42 वर्ष), पिता स्व. नकुल प्रसाद पटैल, निवासी सरईपाली (कुनकुनी) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके थैले से 1.805 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया और गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
✨सप्ताहभर में दो रेड, 6.830 किलो गांजा जब्त
खरसिया पुलिस की दोनों कार्रवाइयों को जोड़ें तो महज दो दिनों के अंतराल में कुल 6.830 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है। लगातार दूसरी कार्रवाई से साफ है कि पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए सक्रिय है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सतत पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, एएसआई उमाशंकर घृतांत, प्रधान आरक्षक महेंद्र खरे, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी तथा आरक्षक सत्यनारायण सिदार एवं अनूप मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, दो गोदामों से 965 कट्टा धान जब्त - November 19, 2026
- निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में करें पूर्ण, गुणवत्ता पर भी रखें विशेष ध्यान-कलेक्टर - November 19, 2026
- केलो विहार में किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने संचालक को दबोचा! - November 19, 2026
