November 22, 2026

गांजा तस्कर पर अदालत का सबसे कड़ा प्रहार! 103 किलो गांजे के साथ पकड़े गए वरुण सिंह को 15 साल की जेल

0
IMG-20261030-WA0002

नवापाली मुख्य मार्ग पर चक्रधरनगर पुलिस ने दबोचा था तस्कर, 1.50 लाख रुपये जुर्माना भी लगा; 14 गवाहों और 65 दस्तावेजों ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

रायगढ़। नशे के अवैध कारोबार में लिप्त तस्करों के लिए रायगढ़ न्यायालय का फैसला कड़ा संदेश है। 103 किलो से अधिक गांजे की तस्करी के मामले में विशेष न्यायालय एनडीपीएस एक्ट ने आरोपी वरुण सिंह को 15 वर्ष के कठोर कारावास और 1 लाख 50 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। लंबे समय तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद आरोपी को मिली इस सजा ने साफ कर दिया है कि मादक पदार्थों की तस्करी कर कानून को चुनौती देने वालों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।

⚡नवापाली मुख्य मार्ग पर पकड़ा गया था 103 किलो गांजा

मामला 10 सितंबर 2023 का है। चक्रधरनगर पुलिस ने रायगढ़ के ग्राम नवापाली मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए वरुण सिंह पिता राणा प्रताप सिंह (32 वर्ष), निवासी सीसीएल कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 12, बैकुंठपुर, जिला कोरिया को पकड़ा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 पैकेट में रखा कुल 103.150 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ था। बिना वैध अनुज्ञप्ति के गांजे का परिवहन किए जाने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 452/2023 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

✨14 गवाह, 65 दस्तावेज और मजबूत पैरवी से मिली सजा

इस मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर ने विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। वहीं विशेष लोक अभियोजक वेद प्रकाश पटेल ने न्यायालय में अभियोजन पक्ष की ओर से मजबूती से पैरवी की। सुनवाई के दौरान 14 गवाहों के बयान और 65 महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। तमाम साक्ष्यों और दलीलों पर विचार करने के बाद विशेष न्यायाधीश अश्वनी कुमार चतुर्वेदी की अदालत ने आरोपी को धारा 20(बी)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषी ठहराते हुए 15 साल के कठोर कारावास और डेढ़ लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।

⚡एसएसपी के निर्देशों का दिखा असर, विवेचना से सजा तक पुलिस की मजबूत तैयारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को गंभीर अपराधों में मजबूत साक्ष्य संकलन, त्रुटिरहित विवेचना और न्यायालय में गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रकरण में पुलिस की प्रभावी विवेचना और अभियोजन की सशक्त पैरवी के समन्वय ने आरोपी को सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

103.150 किलो गांजे की तस्करी का यह मामला अब तस्करों के लिए कड़ा सबक है। रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई और न्यायालय के फैसले ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कानून की सख्ती का संदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *