बिना हेलमेट नहीं मिलेगी रियायत, सुरक्षा ही प्राथमिकताएनएच-153 तेतला में रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस का सख्त-संवेदनशील अभियान, चालान के साथ नि:शुल्क हेलमेट वितरण
➡️ सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस रायगढ़ की बड़ी पहल
➡️ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में दुर्घटनाओं पर अंकुश के प्रयास तेज
➡️ एडिशनल एसपी अनिल सोनी व ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने स्वयं पहनाया हेलमेट
➡️ एसएसपी की दो टूक अपील – जिंदगी अमूल्य है, नियमों की अनदेखी न करें
रायगढ़।सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत रायगढ़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज राष्ट्रीय राजमार्ग 153 अंतर्गत ग्राम तेतला में यातायात पुलिस रायगढ़ द्वारा बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के साथ-साथ मानवीय पहल करते हुए वाहन चालकों को हेलमेट की उपयोगिता समझाकर नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
चालान भी, समझाइश भी
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया गया कि पुलिस का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि जीवन रक्षा और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। हेलमेट न पहनने से होने वाली गंभीर चोटों और जानलेवा हादसों के उदाहरणों के माध्यम से वाहन चालकों को जागरूक किया गया।
इस विशेष जागरूकता कार्यक्रम में एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर वाहन चालकों को हेलमेट प्रदान किए और उसके नियमित उपयोग के महत्व को सरल शब्दों में समझाया।
“जिंदगी अमूल्य है” – एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा—
“जिंदगी अमूल्य है, थोड़ी सी लापरवाही इसे खतरे में डाल सकती है। स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें।”
सहयोग से सफल हुआ अभियान
इस दौरान थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रामकिंकर यादव, यातायात थाना एवं थाना पुसौर का स्टाफ सक्रिय रूप से मौजूद रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में अडानी ग्रुप का विशेष सहयोग रहा, जिसकी सराहना पुलिस प्रशासन द्वारा की गई।
आगे भी जारी रहेगी जागरूकता
यातायात जागरूकता अभियान के तहत कल महिला समूहों के साथ महिला पुलिसकर्मियों द्वारा हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया जाएगा, जिससे समाज के हर वर्ग तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचे।
- बरौद के विस्थापित परिवारों ने वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप निर्मित मकानों के सर्वे एवं मुआवजा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन - July 15, 2026
- शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन या वर्षों की व्यवस्था पर सवाल? गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण पर चला बुलडोजर - July 15, 2026
- “स्कूल से उठी बदलाव की हुंकार” : केराखोल में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन, नशामुक्ति की शपथ और साक्षरता रैली से गूंजा पूरा गांव - July 15, 2026
