March 2, 2026

जिले में शांति व कानून व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर

IMG-20260131-WA0011.jpg

राजस्व-पुलिस के संयुक्त समन्वय से होगी सख्त निगरानी : एसएसपी

सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय

स्कूल-कॉलेजों के 100 गज दायरे में तंबाकू बिक्री पर चलेगा विशेष अभियान

रायगढ़। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने संयुक्त रूप से अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा साम्प्रदायिक सौहार्द जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की।


कलेक्टर चतुर्वेदी ने स्पष्ट कहा कि जिले की शांति एवं कानून व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व व पुलिस अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करने, सूचना तंत्र को मजबूत रखने तथा संभावित घटनाओं की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई और सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया।


सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर कलेक्टर ने “गोल्डन ऑवर” की महत्ता बताते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद पहला एक घंटा जीवन रक्षक होता है। इस दौरान घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को शासन द्वारा प्रोत्साहन राशि व प्रशस्ति-पत्र दिए जाने की व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि जिले में संचालित 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं की जीपीएस के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे आपातकालीन सहायता में तेजी लाई जा सके।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने कहा कि समय पर मिली सटीक सूचना बड़ी घटनाओं को टाल सकती है। उन्होंने सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई तेज करने, नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर निगरानी बढ़ाने तथा मेडिकल स्टोर्स में बिना प्रिस्क्रिप्शन दवाइयों की बिक्री रोकने के निर्देश भी दिए।
बैठक में यह भी तय हुआ कि स्कूल एवं महाविद्यालयों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसका लक्ष्य 31 मार्च तक निर्धारित किया गया है।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सड़कों के ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधारात्मक कार्य, हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग की कड़ाई से पालन तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष ड्राइव चलाने के निर्देश दिए गए। एजुकेशन, इंजीनियरिंग और एनफोर्समेंट—तीनों पहलुओं पर समन्वित रणनीति अपनाने पर सहमति बनी।
बैठक में शांति समितियों के सुदृढ़ीकरण, अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकरणों के त्वरित निराकरण, आवारा मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं में कमी, हिट-एंड-रन मामलों की रोकथाम तथा राजस्व-पुलिस विभाग के बेहतर तालमेल जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा, सहायक कलेक्टर अक्षय डोसी, अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो, रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर राकेश गोलछा, पूजा बंसल सहित सभी अनुविभागों के एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य संदेश स्पष्ट रहा कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस और प्रशासन-पुलिस की संयुक्त जवाबदेही