तमनार पहुंचे एसएसपी शशि मोहन सिंह — बोले “नशा अपराध की सबसे बड़ी जड़, समाज की सहभागिता से ही बनेगा नशामुक्त रायगढ़
🔴 कोडकेल में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं ‘आगाज़’ संस्था की संयुक्त पहल पर “युवा संकल्प” नशामुक्ति अभियान का भव्य आयोजन
🔴 एसएसपी शशि मोहन सिंह का जनसंवाद — युवाओं से नशे से दूरी और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील
रायगढ़।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शनिवार को थाना तमनार क्षेत्र का भ्रमण कर ग्राम पंचायत कोडकेल के स्कूल प्रांगण में आयोजित “युवा संकल्प – नशे से मुक्ति की पहल, नशामुक्त समाज” विषयक भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता की। यह कार्यक्रम हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं ‘आगाज़ – एक नई पहल’ संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी सिंह ने ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं से सीधा संवाद कर नशामुक्ति को सामाजिक आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, पूरे समाज को अपराध की ओर धकेलता है, और इसे रोकने के लिए पुलिस के साथ-साथ आमजन की सक्रिय भूमिका अनिवार्य है।

कार्यक्रम में डीएसपी रायगढ़ श्री सुशांत बनर्जी, थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। बच्चों द्वारा अतिथियों का तिलक, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी बन गया।
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा “नशा नाश की जड़ है भैया” गीत का क्लैप बोर्ड के माध्यम से लोकार्पण किया गया। उक्त गीत पर मिडिल स्कूल के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया।
कोटरापाली की प्रसिद्ध लोककला संस्था ‘अंगना के देवना’ द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली तरीके से दर्शाते हुए ग्रामीणों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने कोडकेल को पूर्ण रूप से नशामुक्त पंचायत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया और एक माह के भीतर पंचायत को नशामुक्त करने की प्रतिबद्धता जताई।
अपने संबोधन में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा—
“अपराध की जड़ में नशा सबसे बड़ा कारण है। इसी को देखते हुए रायगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ महाअभियान चलाया जा रहा है। नशा केवल शराब या गांजा तक सीमित नहीं, बल्कि हर वह आदत भी नशा है जो अपराध को जन्म देती है।”
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे को अपने जीवन पर हावी न होने दें तथा समाज को सही दिशा देने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
डीएसपी सुशांत बनर्जी ने जिले में प्रचलित विभिन्न नशों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से नशे के विरुद्ध एकजुट होकर सख्त सामाजिक वातावरण तैयार करने की अपील की।
थाना प्रभारी तमनार ने कोडकेल की महिलाओं की विशेष सराहना करते हुए कहा कि “जागृति नशामुक्ति समिति” के माध्यम से महिलाओं का संगठित होकर नशे के खिलाफ खड़ा होना समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक उदाहरण है।
कार्यक्रम के अंत में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने “युवा संकल्प नशामुक्ति जागरूकता रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन प्रेम कुमार सिंह द्वारा किया गया तथा सफल संचालन रामधन मल्लाह (सहायक शिक्षक, कोडकेल) ने किया।
कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी संख्या में सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। आयोजन को सफल बनाने में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से प्रेम कुमार सिंह (एचआर अधिकारी) एवं रंजना नाग (सीएसआर हेड) तथा आगाज़ संस्था से मोनिका इजारदार, प्रकाश जायसवाल, राजेंद्र साहू, जय चौहान सहित सभी वॉलिंटियर्स एवं जागृति नशामुक्ति महिला समूह, कोडकेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
👉 नशामुक्त समाज की दिशा में यह पहल रायगढ़ जिले के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरी।
