ऑपरेशन शिकंजा: ट्रेलर से बैटरी उड़ाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायगढ। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना घरघोड़ा पुलिस ने ट्रेलर से बैटरी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की बैटरियां बरामद की हैं।
मामले में प्रार्थी मुकेश कुमार झा (39 वर्ष), निवासी कृष्णा नगर कोरबा (छत्तीसगढ़) ने 17 फरवरी 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 नवंबर 2025 की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने उनके ट्रेलर क्रमांक CG-10-BN-8366 से दो बैटरियां, नोजल, पंप सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई गई थी। घटना जामपाली खदान के सामने मेन रोड किनारे की है।
रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 53/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संतोष यादव (26 वर्ष), निवासी मंगलूडीपा रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी लक्ष्मीनारायण यादव (34 वर्ष), निवासी लुडेग थाना पत्थलगांव जिला जशपुर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी की बैटरियां ग्राम टेरम मेन रोड के पास झाड़ियों में छिपाकर रखने की जानकारी दी।
पुलिस ने संतोष यादव के कब्जे से एक तथा लक्ष्मीनारायण यादव के कब्जे से एक पुरानी इस्तेमालशुदा बैटरी, कुल कीमती लगभग 5 हजार रुपये, बरामद की। मामले में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर धारा 3(5) भारतीय न्याय संहिता भी जोड़ी गई है।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरिश पटेल, उद्योराम पटेल एवं प्रदीप तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🔹 रायगढ़ पुलिस का स्पष्ट संदेश — संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
