May 30, 2026

“विजय” बनकर जाल बिछाता रहा सुरेन्द्र बेहरा, नौकरी के बहाने महिला-नाबालिग से दरिंदगी की कोशिश — घरघोड़ा पुलिस ने कार समेत धर दबोचा

IMG-20260330-WA0003.jpg

📍 रायगढ़/घरघोड़ा

नौकरी दिलाने के नाम पर महिला और नाबालिग को झांसे में लेकर छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने खुद को “विजय” बताकर विश्वास जीतने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सटीक जांच के आगे उसकी चालाकी टिक नहीं सकी।


घटना 16 से 22 अप्रैल के बीच की है, जब आरोपी सुरेन्द्र बेहरा (34) ने फोन पर महिला को रायगढ़ में नौकरी दिलाने का लालच दिया। भरोसा दिलाकर उसने महिला और उसकी 15 वर्षीय ननद को अमलीडीह बुलाया और फिर चिमटापानी के पास अपनी ग्रे रंग की कार में बैठाकर सुनसान जगह ले गया। वहां आरोपी ने पहले महिला के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर नाबालिग के साथ भी जबरदस्ती की कोशिश की। विरोध बढ़ता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

पीड़िताओं की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में तत्काल अपराध दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबर की ट्रेसिंग से आरोपी की पहचान रायकेरा निवासी सुरेन्द्र बेहरा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने बिना देर किए दबिश देकर आरोपी को उसकी मारूति ब्रेजा कार और मोबाइल फोन सहित पकड़ लिया।

शिनाख्त परेड में दोनों पीड़िताओं ने आरोपी और वाहन की पुष्टि की, जिसके बाद आरोपी ने पूछताछ में अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने बीएनएस की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

👮‍♂️ एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
“महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नौकरी या किसी भी प्रलोभन के नाम पर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन विशेषकर महिलाएं सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”

⚡ तेज कार्रवाई, साफ संदेश
घरघोड़ा पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि महिला सुरक्षा के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।