“3.38 लाख लेकर थमाया फर्जी जॉइनिंग लेटर” — नौकरी के नाम पर युवती से ठगी करने वाला शातिर जशपुर से गिरफ्तार
🚨 कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों ऐंठे, महीनों तक देता रहा भरोसा
🚨 फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर जब कलेक्ट्रोरेट पहुंची युवती, जांच में खुली नौकरी घोटाले की पोल
🚨 कोतरारोड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई — फरार आरोपी हरीश मिश्रा गिरफ्तार, मोबाइल और नकदी जब्त
🚨 एसएसपी शशि मोहन सिंह की चेतावनी — “सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वालों से रहें सावधान”
रायगढ़। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर की संविदा नौकरी लगाने का झांसा देकर युवती से 3 लाख 38 हजार 500 रुपये ऐंठने वाले आरोपी हरीश मिश्रा को थाना कोतरारोड़ पुलिस ने जिला जशपुर से दबोचकर जेल भेज दिया है।
मामले में पीड़िता कुमारी पदिमनी यादव (27 वर्ष) निवासी ग्राम कोतरा ने 3 अप्रैल 2026 को थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान भतीजी के माध्यम से आरोपी हरीश मिश्रा से हुई थी। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर संविदा नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया और 9 फरवरी से 22 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग किश्तों में नकद एवं फोन-पे के जरिए कुल 3,38,500 रुपये वसूल लिये।
रकम लेने के बाद आरोपी लगातार नियुक्ति का झांसा देता रहा। जब पीड़िता ने दबाव बनाया तो आरोपी ने “कॉल मी सर्विसेस” नामक संस्था का कथित नियुक्ति पत्र थमा दिया। लेकिन जब युवती दस्तावेज लेकर कलेक्ट्रोरेट रायगढ़ पहुंची तो जांच में पूरा नियुक्ति पत्र फर्जी निकला और नौकरी घोटाले का पर्दाफाश हो गया।
शिकायत के बाद थाना कोतरारोड़ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 104/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी और पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार ठिकाने बदल रहा आरोपी जशपुर में छिपा मिला, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पीड़िता से ली गई अधिकांश रकम वह खर्च कर चुका है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद जब्त किये हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में श्रम विभाग रायगढ़ में भृत्य के पद पर कार्यरत रह चुका है और उसके खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं।
पूरे ऑपरेशन में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी, निरीक्षक शील कुमार आदित्य, आरक्षक बलराम साहू, अजय साय तथा जशपुर क्राइम डीएसपी भावेश कुमार समरथ एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 गिरफ्तार आरोपी :
हरीश मिश्रा पिता रविन्द्र मिश्रा, उम्र 31 वर्ष, निवासी बैकुण्ठपुर, थाना कोतवाली रायगढ़।
👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश :
“सरकारी नौकरी दिलाने, भर्ती कराने या प्रभाव का झांसा देकर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहें। किसी भी नियुक्ति संबंधी जानकारी केवल अधिकृत शासकीय माध्यमों से ही प्राप्त करें। ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।”
- महुआ के नशे पर पुलिस का प्रहार: कुडुमकेला में छापा, 26 लीटर कच्ची शराब के साथ महिला गिरफ्तार - May 30, 2026
- आंगनबाड़ी में मासूमों को पिलाया जा रहा आयरनयुक्त दूषित पानी! स्वास्थ्य पर मंडरा रहा गंभीर खतरा छैडोरिया गांव की आंगनबाड़ी में पेयजल संकट, बच्चों और गर्भवती महिलाओं की सेहत से हो रहा खिलवाड़ - May 30, 2026
- सत्ता की हनक या दफ्तरशाही का घमंड? सरगुजा में ‘खादी’ और ‘अधिकारी’ के बीच हाई-वोल्टेज दंगल!… FIR दर्ज… - May 28, 2026
