52 हजार ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात, घर-द्वार पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा
अदाणी फाउंडेशन ने 7 नए गांवों तक बढ़ाया मोबाइल हेल्थकेयर यूनिट का दायरा, अब 48 गांवों को मिलेगा लाभ
रायगढ़। ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने की दिशा में अदाणी पावर लिमिटेड की सीएसआर इकाई एवं Adani Foundation ने अपनी मोबाइल हेल्थकेयर यूनिट (MHCU) परियोजना का विस्तार करते हुए 7 नए गांवों को इसमें शामिल किया है। पहले 41 गांवों में संचालित यह सेवा अब 48 गांवों तक पहुंच गई है, जिससे 52,329 ग्रामीणों को उनके घर-द्वार पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

परियोजना के विस्तार के तहत रैबार, सेमी-भंवर, बिरहाभांठा, कारीछापर, परसदा, कवरिहा एवं कौवाताल गांवों को जोड़ा गया है। इससे लगभग 1,260 परिवारों और 4,892 ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इन गांवों में लोगों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मोबाइल हेल्थकेयर यूनिट के माध्यम से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप एवं मधुमेह जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, निःशुल्क दवा वितरण और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। वहीं गंभीर या चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों के लिए मेडिकल टीम उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा भी प्रदान करेगी।
अदाणी फाउंडेशन के मार्गदर्शन में HelpAge India द्वारा संचालित इस परियोजना के लिए एक समर्पित मेडिकल टीम तैनात की गई है, जिसमें एमबीबीएस चिकित्सक, फार्मासिस्ट, चालक और सामाजिक सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं। यह टीम निर्धारित रोस्टर के अनुसार गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है।
इन जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
08 जून से 12 जून 2026 के बीच चार गांवों में फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कारीछापर में उपसरपंच राजीव पटेल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी राजेश्वर साहू की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
रैबार में सरपंच जगबंधु सिदार एवं डॉ. गजानंद पटेल ने ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी।
बिरहाभांठा में सरपंच प्रेमलाल पटेल की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
सेमी-भंवर में सरपंच गुलाब राम, पूर्व सरपंच नरसिंह चौहान एवं पंचायत सदस्य उमेश डनसेना की मौजूदगी में फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इन सभी कार्यक्रमों में अदाणी फाउंडेशन एवं हेल्पएज इंडिया की टीम के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जहां उन्हें सेवाओं की रूपरेखा, संचालन व्यवस्था एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच लंबे समय से एक चुनौती रही है। ऐसे में यह मोबाइल हेल्थकेयर यूनिट गांवों के लिए एक “चलता-फिरता स्वास्थ्य केंद्र” साबित होगी, जिससे समय पर उपचार और बीमारियों की पहचान संभव हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि 2 जून 2026 को अदाणी पावर लिमिटेड एवं अदाणी फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र में 40 बिस्तरों वाले सर्वसुविधायुक्त अस्पताल के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया था। अस्पताल निर्माण और मोबाइल हेल्थकेयर यूनिट का विस्तार क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।
ग्रामीण विकास और सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए अदाणी फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। मोबाइल हेल्थकेयर यूनिट का यह विस्तार निश्चित रूप से “स्वस्थ ग्राम – सशक्त समाज” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
- बरौद के विस्थापित परिवारों ने वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप निर्मित मकानों के सर्वे एवं मुआवजा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन - July 15, 2026
- शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन या वर्षों की व्यवस्था पर सवाल? गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण पर चला बुलडोजर - July 15, 2026
- “स्कूल से उठी बदलाव की हुंकार” : केराखोल में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन, नशामुक्ति की शपथ और साक्षरता रैली से गूंजा पूरा गांव - July 15, 2026
