July 16, 2026

रायगढ़ में कानून-व्यवस्था पर हाई अलर्ट, कलेक्टर-एसएसपी ने अधिकारियों को दिया सख्त एक्शन प्लान

IMG-20260624-WA0009-1536x1024.jpg

अवैध उत्खनन, नशा, सड़क हादसे और औद्योगिक सुरक्षा पर हुई मैराथन समीक्षा

344 अवैध खनन प्रकरण, करोड़ों का जुर्माना; हाईवे मॉनिटरिंग सिस्टम और ब्लैक स्पॉट सुधार पर जोर

रायगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, अवैध उत्खनन, औद्योगिक सुरक्षा और आबकारी मामलों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, नशा मुक्त भारत अभियान, अवैध खनन एवं परिवहन, औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था, चिटफंड प्रकरण, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम, आबकारी अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, जिला जेल, पैरोल प्रकरण तथा हिट एंड रन मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।

खनिज माफियाओं पर सख्त रुख

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के 344 प्रकरण दर्ज कर 1 करोड़ 16 लाख 98 हजार 687 रुपए का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 18 जून तक 74 प्रकरणों में 28 लाख 59 हजार 600 रुपए का जुर्माना लगाया जा चुका है।

कलेक्टर ने राजस्व, खनिज, पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर खनिज चोरी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

नशा मुक्त अभियान को मिली नई गति

बैठक में बताया गया कि कौहाकुंडा स्थित नवजीवन व्यसन एवं पुनर्वास केंद्र के माध्यम से अब तक 261 लोगों को नशे की लत से मुक्त किया जा चुका है। वर्तमान में 15 स्वीकृत सीटों के विरुद्ध 12 हितग्राही उपचाररत हैं। केंद्र में निःशुल्क आवास, भोजन, स्वास्थ्य परीक्षण, योग, परामर्श एवं औषधीय उपचार की सुविधा दी जा रही है।

16 ब्लैक स्पॉट प्रशासन की निगरानी में

सड़क हादसों में कमी लाने के लिए जिले के 16 चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा की गई। हाईमास्ट लाइट, रंबल स्ट्रिप, सोलर ब्लिंकर, रेडियम रिफ्लेक्टर और संकेतक बोर्ड लगाने के कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष हाईवे मॉनिटरिंग तंत्र विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस विभाग ने जानकारी दी कि ओवरस्पीडिंग, अवैध पार्किंग, मॉडिफाइड साइलेंसर और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गत वर्ष 3762 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 2813 हेलमेट वितरण तथा 3130 आवारा मवेशियों में रेडियम बेल्ट लगाने का कार्य किया गया।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के., एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, अपर कलेक्टर रवि राही, प्रियंका वर्मा सहित जिले के सभी एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर और एसएसपी का दो टूक संदेश

«”अवैध उत्खनन, नशा कारोबार, सड़क सुरक्षा में लापरवाही और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। विभागीय समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर परिणाम दिखने चाहिए। आम जनता की सुरक्षा और सुशासन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”»