हाथियों को पत्थर मारना पड़ा भारी! घरघोड़ा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़/घरघोड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस वीडियो ने आखिरकार बड़ी कार्रवाई का रास्ता खोल दिया, जिसमें घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम छर्राटांगर में पहुंचे दो जंगली हाथियों को कुछ लोगों द्वारा पत्थर मारकर और पटाखे फोड़कर प्रताड़ित किया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वनमंडलाधिकारी अरविंद पी. एम. के निर्देशन, उप वनमंडलाधिकारी आशुतोष मांडवा के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी विक्रांत कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने वायरल वीडियो की गहन जांच की। घटनास्थल का सत्यापन करने के बाद वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपियों की पहचान की गई।
जांच में मनमोहन राठिया (पिता–सखाराम राठिया) एवं करम सिंह राठिया (पिता–नकुल राठिया) को मुख्य आरोपी पाए जाने पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(16), 9, 51 एवं 52 के तहत गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
वन विभाग की कड़ी चेतावनी
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, छत्तीसगढ़ ने आम नागरिकों से अपील की है कि:
– हाथियों के पास न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
– रील या मोबाइल वीडियो बनाने के लिए हाथियों के करीब जाने का प्रयास न करें।
– हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
– हाथियों पर पत्थर फेंकना, पटाखे छोड़ना या किसी भी तरह से उन्हें उकसाना गैर-जमानती और दंडनीय अपराध है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों को प्रताड़ित करने या लोगों को ऐसा करने के लिए उकसाने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- बरौद के विस्थापित परिवारों ने वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप निर्मित मकानों के सर्वे एवं मुआवजा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन - July 15, 2026
- शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन या वर्षों की व्यवस्था पर सवाल? गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण पर चला बुलडोजर - July 15, 2026
- “स्कूल से उठी बदलाव की हुंकार” : केराखोल में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन, नशामुक्ति की शपथ और साक्षरता रैली से गूंजा पूरा गांव - July 15, 2026
