घरघोड़ा में गूंजा भारत माता का जयकारा, तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
स्कूली बच्चों से लेकर युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा — देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा नगर
घरघोड़ा, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व घरघोड़ा नगर आज देशभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। नगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति का जोश दिखाया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर “भारत माता की जय” के गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ घरघोड़ा हाईस्कूल मैदान से हुआ। देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों के साथ निकली यात्रा कारगिल चौक होते हुए नगर के हृदय स्थल जय स्तंभ चौक पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। रास्तेभर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी, पार्षदगण, जनपद पंचायत घरघोड़ा अध्यक्ष सहनू पैंकरा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत घरघोड़ा विनय चौधरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रवीण त्रिपाठी, तहसीलदार मनोज गुप्ता, नायब तहसीलदार सहोदर पैंकरा, हिमांशु सिंह,सी. एम. ओ नगर पंचायत घरघोड़ा,शशि धर निषाद बी.ई. ओ घरघोड़ा,थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू एवं पुलिस स्टाफ सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
इसके अलावा नगर एवं आसपास के गांवों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, युवाओं और महिलाओं ने भी तिरंगा यात्रा में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। स्कूली बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में तिरंगा लेकर बच्चे देशभक्ति के नारों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। नगरवासियों ने भी जगह-जगह यात्रा का स्वागत करते हुए तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी भावनाएं प्रकट कीं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व घरघोड़ा प्रवीण त्रिपाठी ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने वाले स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नगरवासियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
तिरंगा यात्रा ने घरघोड़ा में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव की ऐसी तस्वीर पेश की, जिसमें प्रशासन, जनप्रतिनिधि और आमजन एक साथ राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








