दीपावली से पहले पटाखा दुकानों पर प्रशासन की पैनी नजर, कलेक्टर ने दिए नियमित जांच और अग्नि सुरक्षा के सख्त निर्देश
⚡सुरक्षा मानकों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, दुकानों में अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम अनिवार्य | पेट्रोल पंपों के शौचालयों की भी होगी नियमित जांच
रायगढ़। दीपावली त्योहार से पहले पटाखा दुकानों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को पटाखा दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और अग्निशमन सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दुकानों में सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने पटाखा दुकानों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। वहीं पेट्रोल पंपों में शौचालय बंद रहने की शिकायतों पर भी नाराजगी जताते हुए खाद्य अधिकारी को नियमित निरीक्षण करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल पंपों में आम नागरिकों के लिए स्वच्छ और सुलभ शौचालय की सुविधा उपलब्ध रहनी चाहिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन और विभागीय लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। भूमि पट्टा वितरण में वास्तविक पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता देने, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा एवं शिक्षा ऋण योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा आगामी वित्तीय वर्ष के बजट प्रस्ताव 15 नवंबर तक प्रस्तुत करने को कहा गया।
✨हर घर मुनगा अभियान पर भी जोर
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य संस्थाओं में मुनगा पौधारोपण की कार्ययोजना बनाने के साथ पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
- अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, दो गोदामों से 965 कट्टा धान जब्त - November 19, 2026
- निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में करें पूर्ण, गुणवत्ता पर भी रखें विशेष ध्यान-कलेक्टर - November 19, 2026
- केलो विहार में किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने संचालक को दबोचा! - November 19, 2026
