November 23, 2026

रायगढ़ में लोहे की बड़ी हेराफेरी का पर्दाफाश! 38.900 टन माल में से 5 टन गायब, गैरेज में छिपाकर बेचने की थी तैयारी, तीन आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20261102-WA0005

प्लांट से रायपुर जा रहे ट्रक को रास्ते में बनाया निशाना, भाई के ड्राइविंग लाइसेंस का इस्तेमाल कर रची गई साजिश

हरिओम गैरेज में छिपाकर रखे गए 5 लाख के दो क्वायल बरामद, पूंजीपथरा पुलिस ने खोला पूरा राज

रायगढ़।औद्योगिक प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे लोहे के माल में सेंधमारी कर लाखों का माल हड़पने की साजिश का पूंजीपथरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 38.900 टन लोहे से लदे ट्रक में से करीब 5 टन लोहे के दो क्वायल रास्ते में ही गायब कर दिए गए। आरोपियों ने माल को गैरेज में छिपाकर बाद में बेचने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस की जांच ने पूरी साजिश उजागर कर दी। पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये कीमत के दोनों क्वायल बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

✨भाई के लाइसेंस पर ट्रक चलाया, रास्ते में उतारा लाखों का लोहा**

मामला चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड, गेरवानी से जुड़ा है। 9 सितंबर को प्लांट से पवन पुत्र ट्यूब्स, रायपुर के लिए ट्रक क्रमांक CG10BS7041 में 38.900 टन लोहा रवाना किया गया था। 11 सितंबर को रायपुर में धर्मकांटा पर वजन कराने पर करीब 5 टन माल कम निकला। इसके बाद ट्रक चालक के फरार होने से हेराफेरी का संदेह गहराया और कंपनी की शिकायत पर पूंजीपथरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

⚡बाईपास के सुनसान रास्ते में रची गई पूरी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि चेतन साहू उर्फ रामजाने ने अपने भाई मुरली साहू के ड्राइविंग लाइसेंस और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर ट्रक चलाया। रायगढ़ बाईपास रोड पर उबड़-खाबड़ रास्ते में ट्रक से लोहे के दो क्वायल उतार दिए गए। इसके बाद हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता की मदद से दोनों क्वायल गैरेज में छिपा दिए गए। आरोपियों की योजना मौका देखकर लोहा बेचने की थी।

✨गैरेज में पुलिस की दबिश, 5 लाख का माल बरामद

30 अक्टूबर को पुलिस ने मुरली साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद चेतन साहू उर्फ रामजाने की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हरिओम गैरेज में दबिश दी, जहां संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने गैरेज से करीब 5 टन वजन के दो लोहे के क्वायल बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मुरली साहू, चेतन साहू उर्फ रामजाने और संतोष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आपराधिक न्यासभंग एवं आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित कार्रवाई की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में की गई। इसमें थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *