November 22, 2026

घरघोड़ा साइडिंग पर युवा कांग्रेस का अल्टीमेटम! सड़क, ओवरलोडिंग और कोयला हेराफेरी के आरोपों पर कलेक्टर को घेरा

0
IMG-20261104-WA0000

⚡15 दिन में समस्याओं का समाधान नहीं तो साइडिंग के सामने होगा आंदोलन, आर्थिक नाकेबंदी के विकल्प पर भी चेतावनी

घरघोड़ा। कोयला परिवहन से परेशान घरघोड़ा की जनता की समस्याओं को लेकर अब युवा कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। जर्जर सड़क, बेलगाम ओवरलोडिंग, आए दिन जाम, धूल प्रदूषण, दुर्घटनाओं और कोयला परिवहन में कथित हेराफेरी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर जिला युवा कांग्रेस रायगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष उस्मान बेग ने बुधवार को जिला कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में साइडिंग प्रबंधन, ट्रांसपोर्टरों और संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। युवा कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय नागरिकों के साथ रेलवे साइडिंग के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

✨सड़क पर मौत का खतरा, ओवरलोड वाहनों पर कौन लगाएगा लगाम?

युवा कांग्रेस ने साइडिंग मार्ग और बाइपास की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसी मार्ग पर पहले दुर्घटना में एक चालक की मौत हो चुकी है और हाल ही में ट्रेलर पलटने की घटना भी सामने आई है। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं हुआ है।

मृत चालक के परिवार को मुआवजा, रोजगार और बच्चों की शिक्षा संबंधी सहायता दिलाने की मांग भी ज्ञापन में उठाई गई। संगठन ने ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच और जिम्मेदार ट्रांसपोर्टरों पर कार्रवाई की मांग की है।

✨जाम, धूल और अंधेरे से जनता परेशान

ज्ञापन में बाइपास चौक और कांटा घर में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया गया। साथ ही अधूरे हाईमास्ट लाइट कार्य पूरे कराने, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, सड़क संकेतक और उचित पार्किंग व्यवस्था बनाने की मांग की गई।

कोयला वाहनों को ढककर चलाने, नियमित पानी छिड़काव और सड़क की सफाई सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई, ताकि स्थानीय लोगों को धूल और प्रदूषण से राहत मिल सके।

✨कोयला हेराफेरी की शिकायत, कांटा पर्ची और वाहन नंबरों का मिलान कराने की मांग

मामले को और गंभीर बनाते हुए युवा कांग्रेस ने गारे पेलमा स्थित सीएसपीडीसीएल माइंस से घरघोड़ा साइडिंग के लिए निकलने वाले कोयले के परिवहन में कथित गड़बड़ी की आशंका जताई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ वाहन निर्धारित गंतव्य के बजाय दूसरे स्थानों पर कोयला पहुंचा रहे हैं।

कारीछापर क्षेत्र में निर्धारित स्थान पर कोयला खाली करने के बजाय संदिग्ध परिस्थितियों में एक ट्रेलर मिलने का मामला भी उठाया गया। उस्मान बेग के मुताबिक, इस संबंध में एसडीएम और थाना प्रभारी घरघोड़ा को पहले ही लिखित आवेदन दिया जा चुका है।

युवा कांग्रेस ने माइंस से निकले कोयले की मात्रा, वाहन नंबर, कांटा पर्ची और साइडिंग में जमा कोयले का मिलान कराकर निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

⚡नगर पंचायत की जमीन का उपयोग, राजस्व किसे मिल रहा?

ज्ञापन में नगर पंचायत की भूमि के उपयोग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की कि साइडिंग एवं परिवहन गतिविधियों में इस्तेमाल हो रही नगर पंचायत की भूमि की जांच कर नियमानुसार किराया, लीज अथवा उपयोग शुल्क निकाय को दिलाया जाए।

इसके अलावा साइडिंग एवं परिवहन कार्यों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता से रोजगार देने, बाहरी कर्मचारियों का सत्यापन कराने और धमकी व मारपीट की शिकायतों पर कार्रवाई करने की मांग भी की गई।

✨कलेक्टर का भरोसा, अब कार्रवाई का इंतजार

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने संबंधित विभागों से जांच और आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि सड़क, सुरक्षा, प्रदूषण और परिवहन व्यवस्था में धरातल पर बदलाव दिखना चाहिए।

⚡15 दिन का अल्टीमेटम, फिर साइडिंग के सामने होगा प्रदर्शन!

जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष उस्मान बेग ने चेतावनी दी कि निर्धारित 15 दिनों में मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय नागरिकों के साथ रेलवे साइडिंग के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आर्थिक नाकेबंदी सहित आगे के आंदोलनात्मक कदम भी प्रशासनिक अनुमति और कानून के दायरे में उठाए जाएंगे।

उस्मान बेग ने कहा कि औद्योगिक विकास का विरोध नहीं है, लेकिन विकास की कीमत स्थानीय जनता की जान, स्वास्थ्य, सुरक्षा और नगर पंचायत के अधिकारों की अनदेखी करके नहीं चुकाई जा सकती। अब आश्वासन नहीं, जमीन पर समाधान चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी, लीलाधर साहू, दया शंकर बेहरा, संजय डोंडे, आदित्य दासे, रामजी स्वर्णकार, तोष साहू, शिवम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में युवा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *