November 22, 2026

कोयला परिवहन की आड़ में बड़ा खेल! 24.620 टन कोयला डकारकर ईंट भट्ठों में खपाया, बिहार से आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20261031-WA0005

🚨 “ऑपरेशन क्लीन हंट” का शिकंजा: घरघोड़ा पुलिस ने बिहार के रोहतास में दबिश देकर पकड़ा कोयला हड़पने वाला आरोपी

🚨 जामपाली से अकलतरा के लिए निकला 24.620 मीट्रिक टन कोयला रास्ते में ही गायब! ईंट भट्ठों में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचने का खुलासा

🚨 कोयले की हेराफेरी में इस्तेमाल 10 लाख रुपये का ट्रक जब्त, दूसरे राज्य में छिपकर भी नहीं बच सका आरोपी

🚨 करीब 1.50 लाख रुपये के कोयले की धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला, घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर

घरघोड़ा। कोयला परिवहन की आड़ में लाखों का माल हड़पकर दूसरे राज्य में जा छिपना एक ट्रक चालक को भारी पड़ गया। जामपाली कोयला खदान से अकलतरा प्लांट के लिए निकला 24.620 मीट्रिक टन कोयला रास्ते में ही गायब कर ईंट भट्ठों में खपाने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त किया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस की यह कार्रवाई सामने आई है। आरोपी ने परिवहन के लिए सुपुर्द किए गए कोयले को निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही बेच दिया था। पुलिस की पूछताछ में उसने कोयले को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट बनाने वालों को बेचना स्वीकार किया है।

⚡ऐसे रची गई कोयला हड़पने की साजिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मई 2026 को रायगढ़ के बोईरदादर निवासी विवेक पाण्डेय ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक राज ट्रांसपोर्ट, ढिमरापुर रायगढ़ के माध्यम से कोयला परिवहन का कार्य किया जाता है। जनवरी 2026 में जामपाली कोयला खदान से आरसमेटा प्लांट अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा तक कोयला पहुंचाने के लिए ट्रक चालक लल्लन प्रसाद से 700 रुपये प्रति टन की दर से सौदा तय हुआ था।

इसके बाद ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455 में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड कर अकलतरा के लिए रवाना किया गया, लेकिन वाहन अगले दिन तक निर्धारित गंतव्य पर नहीं पहुंचा। चालक से संपर्क करने पर पहले तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया। करीब दस दिन बाद फोन रिसीव कर कोयला अन्यत्र बेच देने की बात कही और शिकायतकर्ता को धमकी भी दी।

⚡मोबाइल लोकेशन से बिहार तक पहुंची पुलिस

शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 156/2026, धारा 318(4), 316(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने गवाहों के बयान और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में आरोपी के बिहार के रोहतास जिले में छिपे होने की जानकारी मिली।

इसके बाद एएसआई खेमराज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम बिहार रवाना हुई। स्थानीय स्तर पर पतासाजी और घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी ललन कुमार पासवान, पिता स्व. केदार पासवान, उम्र 57 वर्ष, निवासी अमरथा, थाना काराकाट, जिला रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।

⚡कोयला बेचने की स्वीकारोक्ति, 10 लाख का ट्रक जब्त

आरोपी को बिहार के विक्रमगंज न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया और रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने हड़पे गए कोयले को अलग-अलग मात्रा में ईंट बनाने वालों के पास बेचने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

🚨इन पुलिस अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सतत पर्यवेक्षण में की गई। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेमराज पटेल, आरक्षक उधोराम पटेल एवं मनोज जोल्हे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

🚨 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

“आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराध कर कानून से बचने के लिए दूसरे राज्यों में छिपने वाले आरोपियों की भी रायगढ़ पुलिस लगातार पतासाजी कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *