गणतंत्र दिवस पर रायगढ़ पुलिस को नया नेतृत्व: डीआईजी-एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एसपी पदभार ग्रहण कर फहराया तिरंगा
रायगढ़!गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर रायगढ़ पुलिस को नया नेतृत्व प्राप्त हुआ। छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर द्वारा जारी दिनांक 22 जनवरी 2026 के स्थानांतरण आदेश के परिपालन में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह (IPS) ने आज रायगढ़ जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।
वर्ष 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी शशि मोहन सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य गठन के पश्चात रायगढ़ जिले के 21वें पुलिस अधीक्षक हैं। पदभार ग्रहण के साथ ही उन्होंने गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में सशस्त्र गार्ड की सलामी के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली।
प्रातः आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में अपने संबोधन के दौरान सिंह ने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के अद्वितीय त्याग एवं बलिदान के कारण ही देश को आज़ादी और लोकतांत्रिक व्यवस्था प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि कानून का निष्पक्ष एवं प्रभावी पालन सुनिश्चित करना पुलिस विभाग की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, और इसके लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।
कार्यक्रम के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए डीआईजी-एसएसपी सिंह ने जिले व प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रायगढ़ पुलिस के विज़न को साझा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों, शासन के सभी विभागों और मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी एवं भरोसेमंद पुलिसिंग उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और इसके साथ-साथ कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से समाज में जन-जागरूकता बढ़ाने के प्रयास लगातार किए जाएंगे। सिंह ने भरोसा दिलाया कि रायगढ़ पुलिस पारदर्शिता, संवेदनशीलता और सख्त कानून व्यवस्था के साथ जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।
गणतंत्र दिवस समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, साधना सिंह, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे
- बड़ी प्रशासनिक सर्जरी : रजत बंसल बने मुख्यमंत्री के नए ‘खास’, जनसंपर्क और संवाद की भी कमान.. - March 26, 2026
- किराया विवाद में खूनी हमला — पूंजीपथरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार - March 26, 2026
- “सरकारी नौकरी” का झांसा, 20 लाख से ज्यादा की ठगी — दुर्ग से महाठग गिरफ्तार, एक फरार - March 26, 2026
