हाईवे डीजल चोरी नेटवर्क पर बड़ा वार: चोरी का डीजल खरीद-फरोख्त करने वाला लाइन होटल संचालक पात्रो गिरफ्तार, 150 लीटर डीजल जप्त
एसएसपी के निर्देश पर मुखबिर तंत्र हुआ सक्रिय
➡️ घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भालुमार स्थित पात्रो होटल में पुलिस की दबिश
➡️ हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से चोरी किए गए डीजल की अवैध बिक्री का खुलासा
➡️ होटल परिसर से 150 लीटर डीजल (कीमत लगभग ₹15,000) बरामद
➡️ आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं बीएनएस की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
रायगढ़!हाईवे पर खड़े ट्रकों व भारी वाहनों से हो रही डीजल चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर रायगढ़ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देशों के तहत जिले भर में सतत निगरानी एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।
इसी क्रम में थाना घरघोड़ा प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भालुमार निवासी वेणुधर पात्रो अपने पात्रो होटल में चोरी का डीजल अवैध रूप से संग्रहित कर बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पात्रो होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान होटल परिसर से 15-15 लीटर क्षमता के डिब्बों में कुल 150 लीटर डीजल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी डीजल के भंडारण व बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने पाया कि आरोपी द्वारा सार्वजनिक स्थान पर ज्वलनशील पदार्थ डीजल का अवैध भंडारण किया जा रहा था, जिससे मानव जीवन एवं संपत्ति को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। इसके अलावा होटल में अग्निशामक यंत्र भी नहीं पाया गया।
इस पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत आरोपी के विरुद्ध धारा 287 बीएनएस तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 में अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। जप्त डीजल को गवाहों के समक्ष जप्ती पत्रक बनाकर कब्जे में लिया गया है।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
इस प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के साथ एएसआई राम संजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक खगेश्वर नेताम, प्रदीप तिग्गा
एवं महिला आरक्षक आशा मिंज की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का सख्त संदेश
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी का डीजल खरीदने-बेचने वाले होटल संचालकों, ढाबा मालिकों और दलालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
