लैलूंगा में दो नाबालिगों से दुष्कर्म: 12 घंटे में मुख्य आरोपी सहित सहयोगी गिरफ्तार
रायगढ़!रायगढ़ पुलिस ने लैलूंगा क्षेत्र में दो नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत उसके सहयोगी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में मामला आते ही उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़िताओं की निजता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सघन छापेमारी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय बालिका ने लिखित शिकायत में बताया कि दिसंबर 2025 में मोबाइल के माध्यम से उसकी पहचान ओमप्रकाश पैंकरा उर्फ प्रकाश उर्फ राहुल पैंकरा से हुई थी। आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर प्रेमजाल में फंसाया।
14 फरवरी को आरोपी ने उसे लैलूंगा बुलाया। पीड़िता अपनी 16 वर्षीय सहेली के साथ बस से लैलूंगा पहुंची। अटल चौक पर आरोपी अपने साथी जयकिशन धोबा के साथ मोटरसाइकिल (CG 13 MU 3456) से दोनों को लेकर ग्राम सोनाजोरी के जंगल क्षेत्र में गया।
आरोप है कि वहां मुख्य आरोपी ने पहले अपनी कथित प्रेमिका और फिर उसकी सहेली के साथ दुष्कर्म किया तथा घटना उजागर करने पर धमकी दी।
दोनों पीड़िताओं की अलग-अलग शिकायत पर थाना लैलूंगा में पृथक अपराध दर्ज किए गए—
अपराध क्रमांक 50/2026 — धारा 70 भारतीय न्याय संहिता एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट
अपराध क्रमांक 51/2026 — धारा 70 भारतीय न्याय संहिता एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. ओमप्रकाश पैंकरा उर्फ प्रकाश उर्फ राहुल पैंकरा (22 वर्ष), निवासी ग्राम किलकिला, थाना लैलूंगा — मुख्य आरोपी
2. जयकिशन धोबा (20 वर्ष), निवासी ग्राम टुरटुरा, थाना लैलूंगा — सहयोगी आरोपी
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा—
“नाबालिगों के विरुद्ध दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस त्वरित गिरफ्तारी और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।”
इस कार्रवाई में लैलूंगा पुलिस टीम की सक्रियता और समन्वित प्रयास से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी संभव हो सकी।
रायगढ़ पुलिस का स्पष्ट संदेश — नाबालिगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी।
