July 16, 2026

सांसद राधेश्याम राठिया को कर्मचारियों का शक्ति प्रदर्शन, 6 सूत्रीय मांगों पर सौंपा ज्ञापन

IMG-20260707-WA0006.jpg

4.5 लाख कर्मचारियों के हितों की आवाज बुलंद, महंगाई भत्ता, कैशलेस इलाज और नियमितीकरण सहित कई मांगों पर सरकार से जल्द निर्णय की मांग

घरघोड़ा। प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ एवं छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी पेंशनर एसोसिएशन ने अपने प्रांतीय आंदोलन के तहत सोमवार को सांसद राधेश्याम राठिया के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम 6 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। सांसद के गृह ग्राम छर्राटागढ़ में सुबह करीब 8 बजे लगभग 10 वाहनों के काफिले के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पेंशनर पहुंचे और अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।

जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष संतोष पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारियों ने कहा कि 10 जून 2026 को भी पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक शासन स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे कर्मचारियों में निराशा बढ़ रही है।

मुख्य मांगें

प्रदेश के साढ़े चार लाख कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता तत्काल स्वीकृत किया जाए।

घोषित कैशलेस चिकित्सा सुविधा का आदेश शीघ्र जारी किया जाए।

सेवानिवृत्ति पर 300 दिनों के अवकाश नगदीकरण का लाभ दिया जाए।

संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण कर सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

शिक्षक एलबी संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना का लाभ मिले।

अनुकंपा नियुक्ति में लागू 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त कर सभी पात्रों को नियुक्ति दी जाए।

शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति पर भी उठे सवाल

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की समस्या के कारण शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती है। ऐसे में बिना आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए डिजिटल उपस्थिति व्यवस्था लागू करना व्यावहारिक नहीं है। इस विषय पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

इस आंदोलन में छत्तीसगढ़ प्रदेश कृषि विभाग शासकीय कर्मचारी संघ, स्वास्थ्य संयोजक संघ, आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संघ, निःशक्त कर्मचारी अधिकारी संघ तथा कर्मचारी अधिकारी पेंशनर एसोसिएशन सहित कई संगठनों ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में शैलेंद्र कर्ण, हरिश्चंद्र बेहरा, केशव प्रसाद पटेल, शिव प्रसाद तिवारी, अश्वनी कुमार दर्शन, मनोज प्रधान, मोहन नायक, खेमसागर पैंकरा, ऋषिकेश साहू, वरुण कुमार गुप्ता, सर्वेश मरावी, गोकर्णदास वैष्णव, सूरज पैंकरा, सीमा महंत, भोज केसरवानी, फागूलाल रात्रे, सुरेंद्र सिंह भाठिया, गणेश्वर श्याम, जयंती श्याम सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सांसद राधेश्याम राठिया ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनके ज्ञापन को शासन स्तर तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।