September 23, 2026

वर्षों से जमे ग्राम सचिवों के तबादले की मांग तेज, ग्रामीणों ने CEO को सौंपा ज्ञापन

0
IMG-20260706-WA0000.jpg

मनमानी, लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप; कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

रायगढ़/लैलूंगा। जनपद पंचायत लैलूंगा अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ ग्राम सचिवों के स्थानांतरण की मांग अब तेज हो गई है। इस संबंध में रवि भगत (लैलूंगा) ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जनपद पंचायत लैलूंगा को ज्ञापन सौंपकर विकासखंड के सभी ग्राम सचिवों का तत्काल स्थानांतरण किए जाने की मांग की है।

सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कई ग्राम सचिव लंबे समय से एक ही ग्राम पंचायत में पदस्थ हैं, जिसके कारण वे अपने कार्यों में मनमानी और लापरवाही बरत रहे हैं। इसका सीधा असर ग्रामीणों को मिलने वाली शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे आमजन परेशान हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई सचिव पूर्व सरपंचों के प्रभाव में कार्य कर रहे हैं, जिसके चलते नव-निर्वाचित सरपंचों को पंचायत के विकास कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि वर्षों तक एक ही स्थान पर पदस्थ रहने से पारदर्शिता प्रभावित होती है तथा भ्रष्टाचार की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन को निष्पक्ष और जवाबदेह व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी ग्राम सचिवों का एक ग्राम पंचायत से दूसरी ग्राम पंचायत में स्थानांतरण करना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।

ज्ञापन में प्रशासन से इस विषय पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

मुख्य बिंदु:-

वर्षों से एक ही पंचायत में पदस्थ सचिवों के तबादले की मांग।

मनमानी, लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप।

पूर्व सरपंचों के प्रभाव में काम करने का भी आरोप।

नव-निर्वाचित सरपंचों के कार्य प्रभावित होने की शिकायत।

कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *