August 29, 2026

चार साल से लापता दुष्कर्म पीड़िता को घरघोड़ा पुलिस ने खोज निकाला, रायगढ़ से बरामद कर कोर्ट में कराई पेशी

IMG-20260812-WA0002.jpg

घरघोड़ा पुलिस का “अभियान संवेदना” सफल—पॉक्सो केस की न्यायिक प्रक्रिया को मिली नई रफ्तार

रायगढ़। चार साल से लापता चल रही दुष्कर्म पीड़िता को आखिरकार घरघोड़ा पुलिस ने तलाश निकाला। “अभियान संवेदना” के तहत पुलिस टीम ने रायगढ़ में सघन पतासाजी करते हुए पीड़िता को 10 अगस्त 2026 को सकुशल बरामद किया और अगले ही दिन 11 अगस्त को माननीय न्यायालय के समक्ष उसकी उपस्थिति सुनिश्चित कराई।

मामला विशेष पॉक्सो प्रकरण क्रमांक 57/2021 से जुड़ा है। थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 232/2021 के तहत धारा 363, 366, 376 भादवि एवं धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण की पीड़िता के वर्ष 2022 से लापता होने के कारण न्यायालयीन कार्यवाही प्रभावित हो रही थी और लगातार समंस जारी होने के बावजूद उसका पता नहीं चल पा रहा था।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने खोला “मिसिंग” फाइल का पीछा। डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने विशेष टीम गठित कर पीड़िता की तलाश शुरू कराई। टीम ने परिजनों, सहेलियों और रिश्तेदारों से पूछताछ के साथ रायगढ़ सहित अन्य जिलों में संभावित ठिकानों को खंगाला।

पुलिस ने व्यवसायिक क्षेत्रों, फैक्ट्री इलाकों, कोयला खदान क्षेत्रों और स्लम एरिया तक में तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयासों और विभिन्न माध्यमों से जुटाई गई जानकारी के आधार पर आखिरकार पुलिस टीम पीड़िता तक पहुंच गई।

10 अगस्त को रायगढ़ से बरामदगी और 11 अगस्त को कोर्ट में पेशी—चार साल की तलाश का हुआ अंत। पीड़िता की न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित होने से लंबित पॉक्सो प्रकरण की सुनवाई को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, आरक्षक क्रमांक 871 दिनेश सिदार, आरक्षक क्रमांक 415 प्रदीप तिग्गा एवं आरक्षक क्रमांक 646 हरीश पटेल की विशेष भूमिका रही।

*एसएसपी का सख्त संदेश*

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। पीड़ित वर्षों से लापता हो, तब भी उसकी तलाश के प्रयास नहीं रुकेंगे। पुलिस प्रत्येक पीड़ित को न्याय की प्रक्रिया से जोड़ने और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।