August 27, 2026

साप्ताहिक बाजार में खूनखराबा: नशे में धुत आरोपी ने तीन लोगों के गले पर ब्लेड चलाया

IMG-20260824-WA0009.jpg

गाली-गलौज का विरोध करना पड़ा भारी, एक के बाद एक तीन लोगों पर हमला; पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, ब्लेड बरामद

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह साप्ताहिक बाजार में शराब के नशे में विवाद कर तीन लोगों पर ब्लेड से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी ने मामूली विवाद के बाद एक के बाद एक तीन लोगों के गले के पास धारदार ब्लेड से वार कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक 22 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे सोमा सिंकू अपने साथी बुधराम मुंडा के साथ सामान लेकर लौट रहा था। तुमीडीह इंदिरा भवन के पास एक व्यक्ति शराब के नशे में राहगीरों से गाली-गलौज कर रहा था। सोमा और उसके साथी ने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और जेब से ब्लेड निकालकर दोनों के गले के पास वार कर दिया।

दोनों जान बचाकर भागे और घटना की जानकारी बुधन सिंह टियू को दी। इसी दौरान आरोपी ने बुधन सिंह के गले पर भी ब्लेड से हमला कर दिया। बाजार में मौजूद लोगों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और डायल-112 को सूचना दी।

🔥 सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर, आरोपी हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी को हिरासत में लेकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकीय जांच के बाद घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में विवाद होने और इसी दौरान जेब में रखे ब्लेड से तीनों पर हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ब्लेड बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष पन्ना (48 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी मूलतः जशपुर जिले का निवासी है और वर्तमान में कोरबा जिले में रह रहा था।

🚔 अपराध दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पूंजीपथरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 213/2026 में बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, एएसआई उमाशंकर विश्वाल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों और हिंसक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।