September 23, 2026

“ऑपरेशन क्लीन हंट” : घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार गांजा सप्लायर पत्थलगांव से गिरफ्तार

0
IMG-20260604-WA0002.jpg

3.5 किलो गांजा मामले में एंड-टू-एंड जांच के बाद पुलिस ने दबोचा मुख्य सप्लायर, NDPS नेटवर्क पर लगातार प्रहार

रायगढ़। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे गांजा सप्लायर को पत्थलगांव से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस लगातार नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगालते हुए एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने इस मामले में दर्शन प्रसाद चौहान (22 वर्ष) निवासी पतराटोली, पत्थलगांव को गिरफ्तार किया है, जो अप्रैल माह में पकड़े गए गांजा तस्करों को मादक पदार्थ उपलब्ध कराने में शामिल था।

🔥 09 अप्रैल को 3.5 किलो गांजा के साथ दो तस्कर पकड़े गए थे

जानकारी के अनुसार दिनांक 09 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना के सामने लैलूंगा रोड पर नाकेबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर हीरो HF डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 ML 1015 में सवार दो युवकों को रोका।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विजय सिदार निवासी चांदमारी रायगढ़ एवं शिवव्रत उर्फ शिवा सिदार निवासी गोढ़ीकला, पत्थलगांव बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 03 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए थे।

मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 127/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

📱 मोबाइल और तकनीकी जांच से खुला नेटवर्क

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने “सुदर्शन” नामक व्यक्ति से गांजा खरीदा था। इसके बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मोबाइल नंबरों एवं तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि संदिग्ध मोबाइल नंबर का उपयोग दर्शन प्रसाद चौहान कर रहा था, जिसके मोबाइल नंबर पर ट्रूकॉलर में “सुदर्शन” नाम प्रदर्शित होता था। पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और आखिरकार पत्थलगांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि डम्फर ड्रायवरी के दौरान उसकी पहचान शिवव्रत सिदार से हुई थी। संपर्क बढ़ने के बाद उसने लगभग 3.5 किलो गांजा उपलब्ध कराया था। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

👮 इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव, एएसआई नरेन्द्र सिदार एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

🗣️ एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

«“नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। एनडीपीएस प्रकरणों में केवल गिरफ्तारी तक नहीं बल्कि सप्लायर, नेटवर्क और फरार आरोपियों तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी लगातार जारी रहेगी।”»

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *