सिंघल प्लांट के पास हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
पूंजीपथरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आर्म्स एक्ट के तहत भेजा गया जेल
रायगढ़, 11 जून 2026। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम तराईमाल स्थित सिंघल प्लांट के पास धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय और दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09 जून 2026 की दोपहर थाना प्रभारी पूंजीपथरा को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सिंघल प्लांट तराईमाल के समीप एक व्यक्ति हाथ में लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार लेकर खुलेआम घूम रहा है और राहगीरों व आसपास मौजूद लोगों को डरा-धमका रहा है। आरोपी की हरकतों से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था तथा लोग सहमे हुए थे।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पूंजीपथरा पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित कर मौके के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम साकिर अली पिता सफायत मियां, उम्र 45 वर्ष, निवासी तिवारी मटिहनिया, थाना बिसम्बरपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) बताया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को विधिवत जप्त करते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत महसूस की है।
🚔 पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी हथियार को लहराते हुए आक्रामक व्यवहार कर रहा था, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी। समय रहते पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से संभावित बड़ी घटना टल गई।
👮 इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा एवं आरक्षक सुरेश सिदार की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और मुस्तैदी की प्रशंसा की है।
⚠️ रायगढ़ पुलिस का सख्त संदेश
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय का वातावरण निर्मित करने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
- बड़गांव में जमीन सौदे पर उठे गंभीर सवाल! - September 22, 2026
- उद्योगों पर कलेक्टर की सख्ती, प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश! - September 21, 2026
- “ऑपरेशन अंकुश” का जंगल में धावा!संबलपुरी जंगल में सज रहा था काटपत्ती का जुआ फड़, चक्रधरनगर-साइबर पुलिस ने मारी रेड - September 21, 2026








