September 23, 2026

शराब के पैसों के लिए पत्नी पर जानलेवा हमला, आंगनबाड़ी सहायिका गंभीर रूप से घायल; 24 घंटे में गिरफ्तार हुआ आरोपी पति

0
IMG-20260623-WA0002.jpg

घरघोड़ा। घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम देवगढ़ से सामने आया है, जहां शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक पति ने अपनी पत्नी पर बांस के डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया। घटना के बाद घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम देवगढ़ में आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत सत्यवती राठिया अपने पति इंद्रजीत राठिया के साथ रहती है। परिजनों के मुताबिक इंद्रजीत राठिया लंबे समय से शराब का आदी है और नशे की हालत में अक्सर पत्नी के साथ विवाद और मारपीट करता था। इस संबंध में महिला द्वारा कई बार अपने मायके पक्ष को जानकारी दी गई थी, जिसके बाद परिजनों ने आरोपी को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।

बताया जा रहा है कि 21 जून की दोपहर इंद्रजीत राठिया शराब पीने के लिए पैसे मांगते हुए घर पहुंचा। पत्नी द्वारा पैसे देने से मना करने पर वह भड़क उठा। पहले उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी, इसके बाद बांस के डंडे से पत्नी के सिर और दोनों हाथों पर लगातार वार कर दिए। अचानक हुए हमले से महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर कर दिया।

मामले की रिपोर्ट घायल महिला के चचेरे भाई पवन राठिया द्वारा थाना घरघोड़ा में दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी इंद्रजीत राठिया के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और घटना के 24 घंटे के भीतर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया।

आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में एएसआई खेमराज पटेल, आरक्षक भानु चंद्रा, दिनेश सिदार, दीपरोशन एक्का एवं बसंत तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस मामले पर जिले के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा, घरेलू प्रताड़ना और जानलेवा हमलों के मामलों में रायगढ़ पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रही है। ऐसे अपराधों में त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।

प्रमुख तथ्य

– शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर पत्नी पर हमला
– पीड़िता आंगनबाड़ी सहायिका, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर
– सिर और दोनों हाथों पर बांस के डंडे से वार
– 24 घंटे के भीतर आरोपी पति गिरफ्तार
– घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद
– आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *