September 23, 2026

1.86 करोड़ की गांजा खेप का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी

0
IMG-20260709-WA0007.jpg

300 किलो गांजा तस्करी के मुख्य सरगना शुभम यादव को घेराबंदी कर दबोचा, KIA कार समेत ₹10.17 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 300 किलोग्राम गांजा तस्करी के बहुचर्चित मामले के मुख्य मास्टरमाइंड शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। लगभग एक महीने से फरार चल रहे आरोपी को साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर दबोचा। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 05 जून 2026 को “ऑपरेशन आघात” के तहत उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप पकड़ी गई थी। इस कार्रवाई में करीब ₹1.50 करोड़ मूल्य का गांजा, परिवहन में प्रयुक्त इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी XL-6, पांच मोबाइल फोन सहित कुल ₹1.86 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई थी। उस दौरान गिरफ्तार आरोपियों निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य से पूछताछ में पूरे नेटवर्क का संचालन शुभम यादव द्वारा किए जाने का खुलासा हुआ था।

तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र से पहुंची पुलिस मास्टरमाइंड तक

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस ने फरार मास्टरमाइंड की तलाश में विशेष अभियान शुरू किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी।

08 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि आरोपी एक KIA कार से रायगढ़ क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही आरोपी तेज रफ्तार से भागने लगा, लेकिन तत्काल सरहदी थानों को अलर्ट कर नाकेबंदी कराई गई। इसके बाद साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने कुंजारा के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

KIA कार, मोबाइल और एटीएम कार्ड समेत लाखों की संपत्ति जब्त

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम यादव (29 वर्ष), पिता लखनलाल यादव, निवासी विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई। उसके कब्जे से लगभग ₹10 लाख कीमत की KIA कार, एक मोबाइल फोन, घड़ी, ₹3,000 नकद, वाहन की आरसी, चाबी तथा तीन एटीएम कार्ड सहित कुल ₹10.17 लाख की संपत्ति जब्त की गई।

अब पूरे नेटवर्क की आर्थिक कड़ियां भी खंगालेगी पुलिस

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों, वित्तीय लेन-देन और लाभार्थियों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के विरुद्ध थाना लैलूंगा में दर्ज अपराध क्रमांक 184/2026 में NDPS Act की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस अब केवल मादक पदार्थ की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी के पूरे नेटवर्क, आर्थिक लाभ उठाने वालों और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में निरीक्षक विजय चेलक (थाना प्रभारी साइबर), उप निरीक्षक गिरधारी साव (थाना प्रभारी लैलूंगा) सहित साइबर थाना एवं लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *