September 23, 2026

पत्थलगांव में 79वां स्वतंत्रता दिवस पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब – सुगापारा कर्राबेंवरा संकुल फरसाटोली में धूमधाम से हुआ आयोजन

0
IMG-20250815-WA0086.jpg

पत्थलगांव, जशपुर – स्वतंत्रता दिवस का पर्व जब गांव-गांव में तिरंगे की शान के साथ मनाया जा रहा था, उसी कड़ी में प्रा. शा. सुगापारा, कर्राबेंवरा संकुल फरसाटोली में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस बेहद गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती रूकमणी यादव, उप सरपंच कर्राबेंवरा ने तिरंगा फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की।

सुबह से ही स्कूल और आसपास के क्षेत्र में देशभक्ति का रंग चढ़ा हुआ था। जैसे ही तिरंगा हवा में लहराया, “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मुख्य अतिथि श्रीमती रूकमणी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि उन वीर शहीदों के बलिदान को याद करने का दिन है, जिनकी वजह से आज हम आजाद हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने बच्चों को देश के विकास में योगदान देने और शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और कविताओं के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि दी। तिरंगे की थीम पर बनाए गए परिधान और झांकियां सभी का ध्यान खींच रही थीं। ग्रामीणों की उपस्थिति और सहभागिता ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया।

ग्राम वासी जन, अभिभावक, शिक्षक व छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में मिठाई वितरण कर इस विशेष दिन की मिठास सभी के साथ साझा की गई। यह आयोजन न केवल देशभक्ति का संदेश लेकर आया, बल्कि यह भी साबित कर गया कि छोटे-से गांव में भी दिलों में देश के लिए वही उमंग और जज्बा मौजूद है, जो किसी बड़े शहर में देखने को मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *